Wednesday, June 10, 2015

श्री श्री १०८ अरविन्दो बाबा

       श्री श्री सोमनाथ भारती ‘आप’ की ४९ दिनी सरकार में कानून मंत्री थे। इस समय दिल्ली के मालवीय नगर के विधायक हैं। नाइजीरियाई महिलाओं से कथित बससलूकी के कारण काफी चर्चित रहे हैं। महिला अधिकार पर लंबे-चौड़े भाषण देते हैं; लेकिन स्वयं अपनी पत्नी की पिटाई करते हैं। स्वयं को एक मल्टी नेशनल कंपनी का कथित मालिक बताकर लिपिका से शादी करते हैं। समाज सुधार के नाम पर दहेज भी लेते हैं। घूमने-फिरने के लिए कार भी लेते हैं - अपनी कमाई से नहीं ससुर जी से। पोल खुलने पर पत्नी को पीड़ित करते हैं। श्री श्री सोमनाथ की पत्नी लिपिका ने दिनांक १० जून को दिल्ली पुलिस और महिला आयोग में अपने पति  के खिलाफ़ शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न की लिखित शिकायत दर्ज़ कराई और न्याय की मांग की। प्रख्यात न्यायमूर्ति श्री श्री १०८ अरविन्दो बाबा ने अपनी बतीसी खोल जुबान चलाने की कोई आवश्यकता नहीं समझी। यह जुबान तो सिर्फ नज़ीम जंग और नरेन्द्र मोदी के खिलाफ़ चलती है।
श्री श्री जितेन्द्र सिंह तोमर - जितना बड़ा नाम उतना बड़ा काम - दिल्ली के कानून मंत्री (अब पूर्व मंत्री)। १९८५ से १९८८ तक दिल्ली के राजधानी कालेज के नियमित छात्र रहे। कालेज और दिल्ली विश्वविद्यालय के अभिलेख इसकी पुष्टि करते हैं। अचानक वे रातो-रात फ़ैज़ाबाद पहुंच जाते हैं और राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से बी.एस-सी. की डिग्री हासिल कर लेते हैं। उनकी यात्रा का अगला पड़ाव भागलपुर (बिहार) होता है जहां से वे कानून की डिग्री (एल.एल.बी.) हासिल करके वापस दिल्ली लौट आते हैं और दिल्ली बार कौन्सिल में रजिस्ट्रेशन कराते हैं, फ़र्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर। प्रैक्टिस तो वे क्या खाक करते, श्री श्री १०८  अरविन्दो बाबा के शिष्य अवश्य बन जाते हैं। दिल्ली की ऐतिहासिक भ्रष्टाचार मुक्त सरकार में कानून मंत्री भी बन जाते हैं। अवध विश्वविद्यालय  मंत्री जी के काले कारनामें की पुष्टि कर देती है। बोतल में बंद जिन्न बाहर आ जाता है। फिलहाल वे अंदर हैं। श्री श्री १०८ अरविन्दो बाबा अब मनमोहन बाबा के अनुयायी हो गए हैं - मौन व्रत पर हैं। हां, अपने चेलों को धरना-प्रदर्शन के लिए जरूर भेजा है।
वह दिन दूर नहीं जब सन्त फ़ोर्ड, साध्वी राजमाता और राष्ट्रीय संगठन सी.आई.ए. से प्राप्त धन और सहयोग का भी खुलासा हो जाएगा। तबतक चमत्कार से अपने हाथ से शहद टपकाते रहिए और कुर्सी से चिपके रहिए, अपने नटवर लालों के साथ - श्री श्री १०८ अरविन्दो बाबा।

No comments:

Post a Comment