Tuesday, October 13, 2015

महात्मा गांधी, महामना मालवीय और डा. हेडगेवार


            गांधीजी न तो दयानन्द और अरविन्द के समान मेधावी पंडित एवं बहुपठित विद्वान्‌ थे, न उनमें विवेकानन्द की तेजस्विता थी। सत्य, अहिंसा, ब्रह्मचर्य, अस्तेय और अपरिग्रह - ये, जो हिन्दू संस्कृति के सदियों से आधार-स्तंभ थे, उन्होंने अपने जीवन में साकार किया। वे जो कहते थे, वही करते थे। साधनापूर्वक उन्होंने सभी प्राचीन सत्यों को अपने जीवन में उतारकर संसार के सामने यह उदाहरण प्रस्तुत किया कि जो उपदेश अनन्त काल से दिए जा रहे हैं, वे सचमुच ही जीवन में उतारे जाने योग्य हैं। उनके इन्हीं गुणों के कारण भारत का विशाल जनमानस उनका अनुयायी और परम भक्त बन गया, जिसका लाभ कांग्रेस और पूरे देश को आज़ादी प्राप्त करने में मिला। उन्होंने कई बार स्वयं को सनातनी हिन्दू घोषित किया था, पर उनका हिन्दुत्व किसी धर्म का विरोधी नहीं था। वे "ईश्वर अल्ला तेरो नाम, सबको सन्मति दे भगवान" में हृदय से विश्वास करते थे और हिन्दू-मुस्लिम एकता के प्रबल समर्थक थे। इसके लिए कई बार हिन्दुओं को रुष्ट करके भी उन्होंने मुसलमानों का समर्थन किया था, खिलाफ़त आन्दोलन का समर्थन और देश के विभाजन को स्वीकार कर लेना, उनके उदाहरण हैं। उन्हें अन्त अन्त तक भी यह विश्वास था कि वे मुसलमानों का हृदय परिवर्तन करने में सफल  होंगे। लेकिन मुसलमानों ने जिन्ना के प्रचार पर अधिक विश्वास किया और कांग्रेस से अधिक मुस्लिम लीग का साथ दिया। गांधीजी राजनीति में भी शुचिता के प्रबल समर्थक थे लेकिन उनकी ही पार्टी कांग्रेस ने आज़ादी के बाद इससे किनारा कर लिया। आज की तिथि में विश्व गांधीवाद से ज्यादा प्रभावित है, भारत कम।
            महामना मालवीय गांधीजी के समकालीन थे। उनमें दयानन्द और अरविन्द का मेधावी पांडित्य तथा विवेकानन्द की तेजस्विता, एक साथ थी। वे एक बड़े ही ओजस्वी वक्ता थे। उनमें अद्भुत राजनीतिक सूझबूझ थी। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वे चार बार अध्यक्ष रहे। वे भारतीय सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रबल समर्थक थे। शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ रहे पश्चिमी प्रभाव से वे आहत थे। भारतीय मूल्यों के आधार पर आधुनिक और परंपरागत शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने राजनीति छोड़कर भविष्य-निर्माण का संकल्प लिया। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय की स्थापना करके उन्होंने इसे साकार भी किया। वे एक कट्टर हिन्दू थे, लेकिन, उनका हिन्दुत्व सर्वधर्म समभाव, धार्मिक सहिष्णुता और शान्तिपूर्ण सहअस्तित्व में विश्वास करता था। उन्होंने हिन्दू विश्वविद्यालय के माध्यम से हिन्दू जागरण का ऐसा केन्द्र खड़ा किया जो आनेवाली कई पीढ़ियों को नई दिशा प्रदान करता रहेगा।
            डा. केशव बलिराम हेडगेवार महात्मा गांधी और महामना मदन मोहन मालवीय के समकालीन थे। आरंभ में वे कांग्रेस के कार्यकर्ता थे। बाद में उन्होंने महसूस किया कि हिन्दू अपने दुश्मन आप हैं। वे जातिवाद, छूआछूत, भाषा, प्रान्त और ऊँच-नीच की सीमा में इस तरह विभाजित हैं कि सिर्फ शव की अन्तिम यात्रा में ही वे एक दिशा में चलते हैं। बाकी समय कई पंथों और संप्रदायों में बँटे हिन्दू अपनी-अपनी डफली अलग-अलग बजाते हैं। इनकी बुराइयों को दूर करके इन्हें एक मज़बूत संगठन की डोर से बांधने की आवश्यकता उन्हें महसूस हुई। देश की आज़ादी हो या भविष्य का निर्माण, इसके लिए जिस शक्तिशाली और चरित्रवान हिन्दू की कल्पना स्वामी विवेकानन्द ने की थी उसको मूर्त रूप देने के लिए डा. हेडगेवार ने सन्‌ १९२५ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की। भारत में जितने भी गैर हिन्दू हैं, लगभग वे सभी (९८%) हिन्दू से ही धर्मान्तरित हैं। हिन्दुस्तान में रहनेवाले सभी लोगों के पुरखे एक ही थे और संस्कृति, सभ्यता भी एक ही थी। हालांकि इस तथ्य को गांधी, जिन्ना और इकबाल भी जानते थे, लेकिन सार्वजनिक रूप से इसे स्वीकार करने या उद्गोषणा करने से अपने को दूर रखते थे। डा. हेडगेवार ने साह्स और पूर्ण दृढ़ता से यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के माध्यम से देश और विश्व के सामने रखी। उनके अनुसार भारत में रहने वाला प्रत्येक व्यक्ति हिन्दू है, जो इस देश को अपनी मातृभूमि, भारत माता को अपनी माता को  मानता है तथा इस मातृभूमि को देवभूमि मानते हुए इसे परम वैभव के शिखर पर पहुंचाने के लिए तन, मन और धन से पूर्णरूपेण समर्पित हो। हिन्दुत्व में घुस आई जाति, छूआछूत, भाषावाद, प्रान्तवाद, संप्रदायवाद आदि बुराइयों को दूर करते हुए एक शक्तिशाली हिन्दू संगठन ही उनका अभीष्ट था। उन्होंने जो बिरवा १९२५ में लगाया था, आज वटवृक्ष बनकर विश्व के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन के रूप में खड़ा है। इस संगठन पर आज़ादी के पहले अंग्रेजों की और उसके बाद कांग्रेस की वक्रदृष्टि हमेशा रही। कांग्रेसी शासन ने तरह-तरह के भ्रामक आरोप लगाकर इसे तीन-तीन बार प्रतिबंधित किया, परन्तु, यह संगठन कुन्दन की भाँति पहले से ज्यादा निखरकर सामने आया। आज यह भारत ही नहीं विश्व के लगभग समस्त हिन्दुओं की आशाओं का एकमात्र केन्द्र बन गया है। देश को दो-दो  अतुलनीय प्रधान मंत्री प्रदान करने के कारण इसकी स्वीकार्यता विश्वव्यापी हो गई है।

  ----  विपिन किशोर सिन्हा, स्वतंत्र चिंतक एवं विचारक

Sunday, August 23, 2015

अतुलनीय मुकेश - न भूतो न भविष्यति

अतुलनीय मुकेश - न भूतो न भविष्यति
(पुण्य-तिथि २५-२६ अगस्त पर विशेष)
      अमर गायक मुकेश उन सौभाग्यशाली कुछ गायकों में एक हैं, जिन्हें फिल्म-जगत में सफलता प्राप्त करने के लिए कोई संघर्ष नहीं करना पड़ा। शहद मिश्रित स्वर के बेताज बादशाह मुकेश को जब संगीतकार अनिल विश्वास ने पहली बार सुना, तो आश्चर्य से उनकी आँखें फटी की फटी रह गईं। उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा था कि कोई नवागन्तुक, कुंदन लाल सहगल के गाने इतनी सहजता से और स्वर में उसी माधुर्य के साथ गा सकता है! वह ज़माना के.एल.सहगल का था जिनके सामने पंकज मल्लिक और सी.एच.आत्मा जैसे नैसर्गिक प्रतिभा के धनी गायक भी पानी भरते थे। अनिल विश्वास ने मुकेश पर अप्रतिम विश्वास जताते हुए अपने संगीत निर्देशन में बन रही फिल्म ‘पहली नज़र’ में गाने का अवसर दिया। मुकेश ने अपनी सारी प्रतिभा उड़ेल दी उस गाने में। कौन भूल सकता है स्वर-सम्राट मुकेश का वह पहला गीत - “दिल जलता है तो जलने दे, आँसू ने बहा फ़रियाद न कर......!" गाना सुपरहिट हुआ। एक बार सहगल जी ने इस गाने को सुना, तो वे भी आश्चर्यचकित हुए बिना नहीं रह सके। अपने सेक्रेटरी से उन्होंने पूछा - “यह गाना मैंने कब गाया?" सेक्रेटरी का उत्तर था -“यह गाना आपने नहीं, नवागन्तुक गायक मुकेश ने गाया है।" सहगल ने मुकेश से मिलने की इच्छा जताई। जैसे ही मुकेश को यह समाचार मिला, वे अपने आदर्श कुंदन लाल सहगल से मिलने उनके आवास पर पहुँच गए। सहगल ने उन्हें बार-बार सुना और स्नेह से मुकेश के कंधे पर हाथ रखकर कहा - “अब मैं चैन से मर पाऊँगा। मुझे मेरा उत्तराधिकारी मिल गया। मेरी विरासत सुरक्षित रहेगी।" उन्होंने अपना वह हारमोनियम, जिसपर स्वयं अभ्यास करते थे, मुकेश को सौंप दिया। मुकेश जीवन भर उसी हारमोनियम पर अभ्यास करते रहे। लता मंगेशकर भी सहगल जी की अनन्य प्रशंसिका हैं। वे मुकेश को भी उतना ही पसंद करती हैं। उनका कहना है कि मुकेश जी की आवाज में मुझे के.एल.सहगल की प्रतिछाया दिखाई पड़ती है। जब मुकेश अपने कैरियर के उठान पर थे, सहगल जी का देहावसान हो गया। मुकेश ने सहगल की कमी खलने नहीं दी। वे सभी संगीतकारों के पसंदीदा गायक थे। फिल्म जगत के वे ऐसे एकमात्र गायक/गायिका थे, जिनके गाए लगभग सभी गाने जनता कि जुबान अविलंब पर चढ़ जाते थे।
      समय किसी को भी नहीं बक्शता है। मुकेश को भी ५० के दशक में काफी दिक्कतें आईं। १९४७ में देश के बंटवारे के बाद अल्पसंख्यक समुदाय के बीच पनपी असुरक्षा की भावना ने फिल्म जगत में भी अपना असर दिखाना शुरु कर दिया। नौशाद, शकील बदायूंनी, दिलीप कुमार (युसुफ़ खान), महबूब इत्यादि नामी-गिरामी हस्तियों ने अपना एक कैंप स्थापित कर दिया जिसे दिलीप कैंप कहा जाने लगा। उस समय फिल्म-जगत में इन लोगों का बोलबाला था। दिलीप कुमार ट्रेजेडी किंग थे और मुकेश थे दर्द भरे गीतों के शहंशाह। मुकेश ने दिलीप कुमार के लिए जितने भी गाने गाए, वे सुपर हिट ही नहीं हुए बल्कि मील के पत्थर साबित हुए। दिलीप कुमार पर मुकेश की आवज़ बहुत फबती थी। फिल्म अन्दाज़ के गाने – तू कहे अगर जीवन भर तुझे गीत सुनाता जाऊँ......., झूम-झूम के नाचो..., मेला का – गाए जा गीत मिलन के....,धरती को आकाश पुकारे....., मेरा दिल तोड़ने वाले.....,यहूदी का - ये मेरा दीवानापन है....., मधुमती का - सुहाना सफ़र और ये मौसम हंसी........, दिल तड़प-तड़प के दे रहा है ये सदा.... इत्यादि को कौन भूल सकता सकता है जो मुकेश की आवाज़ में दिलीप पर फिल्माए गए थे। दिलीप कैंप के उदय के बाद दिलीप कुमार ने मो. रफ़ी का पार्श्वगायन लेना आरंभ कर दिया, लेकिन दिलीप के लिए रफ़ी द्वारा गाए गीत मुकेश द्वारा गाए गीतों की ऊँचाई नहीं प्राप्त कर सके। कारण स्पष्ट था – दिलीप की ट्रेजेडी एक्टिंग में मुकेश का दर्द भरा सहज स्वर एक अद्भुत प्रभाव का सृजन करता था। कैंपबाजी का सर्वाधिक नुकसान हिन्दी फिल्मी संगीत को हुआ। गायिकाओं में भी इस कैंप ने लता के विकल्प के रूप में शमशाद बेगम को प्रोत्साहित किया; लेकिन लता का विकल्प कोई बन सकता है क्या? लता और मुकेश का विकल्प न कभी था और न आगे होगा भी। मुकेश गुमनामी के अंधेरे में गुम होने के कगार पर आ गए थे। भला हो महान कला पारखी राज कपूर का जिसने मुकेश की प्रतिभा को सही ढंग से पहचाना और ‘आग’ से जो सफ़र इन दोनों ने साथ-साथ शुरु किया वह ‘मेरा नाम जोकर’ तक निर्बाध गति से चलता रहा। मुकेश राज कपूर की आवाज़ बन गए। फिल्म आवारा में राज पर फिल्माया गया, शंकर-जयकिशन के संगीत निर्देश्न में मुकेश की आवाज़ में कालजयी गीत ‘आवारा हूँ, आसमान का तारा हूँ, की लोकप्रियता ने देश में ही नहीं विदेश में भी लोकप्रियता के सारे रिकार्ड ध्वस्त कर दिए। तात्कालीन प्रधान मंत्री जवाहर लाल नेहरू जब राजकीय यात्रा पर रूस गए, तो सारे प्रोटोकाल तोड़कर वहाँ की जनता ने “आवारा हूँ, आसमान का तारा हूँ...... समवेत स्वर में गाकर नेहरू जी का स्वागत किया था।

      वैसे तो मुकेश ने सभी संगीतकारों के निर्देश्न में पार्श्वगायन किया था, लेकिन उनकी मधुर आवाज़ का सबसे सुन्दर उपयोग करने में शंकर-जयकिशन, कल्याणजी-आनन्दजी, लक्ष्मीकान्त-प्यारेलाल, खैयाम, रोशन, उषा खन्ना, सरदार मलिक और दान सिंह का नाम सबसे ऊपर है। मुकेश हमेशा चुनिन्दा गाने ही गाते थे, इसलिए समकालीन गायकों की तुलना में उनके द्वारा गाए गीतों की संख्या बहुत कम है, लेकिन गुणवत्ता और लोकप्रियता बेमिसाल है। कहते हैं कि किशोर कुमार होंठों से गाते थे, मो. रफ़ी कंठ और होंठ - दोनों से गाते थे; लेकिन मुकेश, कंठ और होंठ के साथ दिल से गाते थे। उस अमर गायक मुकेश को उनकी ३९वीं पुण्य-तिथि पर शत-शत नमन।

Friday, August 21, 2015

श्रीकृष्ण-जन्मभूमि

              पुण्य नगरी मथुरा में  चार दिवसीय प्रवास के बाद मैं कल ही बनारस लौटा. प्रवास अत्यन्त आनन्दायक था. मेरी प्रबल इच्छा थी कि अपने नवीनतम पौराणिक उपन्यास ‘यशोदानन्दन’ की पाण्डुलिपि श्रीकृष्ण-जन्मभूमि में जाकर उनके श्रीचरणों में अर्पित करने के बाद ही प्रकाशक को भेजूं। मैं अपने अभियान में सफल रहा। मैं वहां अपने परम मित्र प्रो. दुर्ग सिंह चौहान जी, कुलपति जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा का अतिथि था। आदरणीया भाभीजी श्रीमती ज्योत्सना चौहान और अग्रज दुर्ग सिंह जी ने मेरे अभियान को सफल बनाने में अपना अमूल्य योगदान दिया। मैंने जो भी पुण्य अर्जित किया, उसके ५०% के वे स्वाभाविक अधिकारी हैं।
      जन्मभूमि और श्रीकृष्ण-राधा के विग्रह के दर्शन से मन आनन्द से ओतप्रोत हो उठा, लेकिन उससे सटे मस्ज़िद को देखकर मन में एक टीस-सी उठी। मस्ज़िद या चर्च के प्रति मेरे मन में कभी भी असम्मान की भावना नहीं रही है, परन्तु श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर निर्मित मस्ज़िद का इतिहास याद कर मन वितृष्णा से अनायास ही भर उठता है। करोड़ों दर्शनार्थी काशी, मथुरा और अयोध्या में अपने आराध्यों के दर्शनार्थ आते हैं और मेरे समान ही अनुभव लेकर वापस जाते हैं तथा अपने मित्रों, करीबियों तथा ग्रामवासियों को अपने हृदय की पीड़ा बताते हैं। निश्चय ही मुसलमानों ने इस देश के एक बड़े भूभाग पर लगभग ६०० वर्षों तक राज किया लेकिन वे हिन्दुओं के हृदय पर एक पल भी राज नहीं कर सके। जबतक काशी और मथुरा के पवित्र मन्दिरों के समीप पुराने मन्दिरों को तोड़कर बनाई गई मस्ज़िदें वे देखते रहेंगे, तबतक हर हिन्दू के हृदय में एक स्वाभाविक टीस बनी ही रहेगी। मुसलमानों को हिन्दुओं की इस भावना को समझना चाहिए और स्वेच्छा से सुधारात्मक प्रयास करना चाहिए। तभी वे हिन्दुओं का विश्वास जीत पायेंगे और देश में नए सिरे से स्थायी सांप्रदायिक सौहार्द्र की स्थापना हो पाएगी।

Tuesday, August 4, 2015

डिब्बाबंद पेय पदार्थों का सच

               डिब्बाबन्द पेय पदार्थों में स्वाद तो होता है, परन्तु पौष्टिकता नहीं होती। अपने उत्पादन स्थल से फुटकर दुकानों तक पहुँचने में यह लंबा समय लेता है। दूकान से उपभोक्ता के पास पहुँचने में यह और लंबा समय लेता है। कायदे से इनका भंडारण रेफ़्रीजेरेटर में किया जाना चाहिए। लेकिन ऐसा होता नहीं है। पूरे देश में कुछ महानगरों को छोड़कर अंधाधुंध बिजली-कटौती होती है। फुटकर विक्रेता चाहकर भी रेफ़्रीजेरेटर नहीं चला सकते हैं। कस्बों और गाँवों के दूकानदारों के पास रेफ़्रीजेरेटर होता भी नहीं है, लेकिन सभी फ्रूटी, माज़ा, गोल्ड क्वायन आदि आदि पेय तरल रखते हैं और धड़ल्ले से बेचते भी हैं। डिब्बाबन्द पेय पदार्थों का उत्पादन स्थल से डीलर तक  ट्रान्स्पोर्टेशन भी वातानुकूलित कन्टेनर में किया जाना चाहिए, लेकिन लाभ कमाने के शगल में पागल कंपनियां किसी भी नियम का पालन नहीं करतीं। नतीजा यह होता है कि उपभोक्ता तक पहुंचते-पहुंचते ये डिब्बाबंद पेय पदार्थ  फंगस लगने के कारण जहर में परिवर्तित हो जाते हैं। आज से ३० साल पहले जब मैं ओबरा ताप विद्युत गृह में तैनात था, तो उसी पावर हाउस में कार्यरत मेरे मित्र रिज़वान अहमद की मृत्यु फ़्रूटी पीने के कारण हो गई। धूंआ, गर्द, दूषित जल, प्रदूषित हवा और रासायनिक खादों की सहायता से उत्पादित अन्न-जल खाते-पीते भारत के लोगों के शरीर की प्रतिरोधक क्षमता विकसित देशों की जनता से ज्यादा होती है। लेकिन इसी में जिन लोगों की प्रतिरोधक क्षमता कम होती है, वे डिब्बाबन्द पेयों के सेवन से स्वर्ग सिधार जाते हैं। इनमें बच्चों की संख्या अधिक होती है।
आज (अगस्त,५,२०१५) को ‘अमर उजाला’ के प्रथम पृष्ठ पर एक समाचार पढ़ा, जो मैं ज्यों का त्यों, नीचे प्रस्तुत कर रहा हूं --
                                          “फ्रूटी में निकली मरी छिपकली"
“बहराइच (ब्यूरो)। छह साल की मासूम पोती को खुश करने के लिए दादा ने जो फ्रूटी खरीदकर दी , उसमें मरी हुई छिपकली निकली। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज़ के बाद घर भेज दिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दुकान पर छापा मारकर फ्रूटी का पैकेट सीज़ कर सैम्पुल परीक्षण के लिए गोरखपुर प्रयोगशाला भेजा है। इसी के साथ दुकान से मिली संबंधित बैच की तीन पेटी फ्रूटी सीज़ कर पाँच सैम्पुल परीक्षण के लिए भेजे गए हैं।”
मैगी पर इतना बवाल हुआ; क्या फ्रूटी पर भी होगा? मेरी समझ से नहीं। इस समस्या का समाधान हम-आपको मिलकर करना होगा। इसका एक ही समाधान है - डिब्बाबंद पेय पदार्थों का बहिष्कार।

Wednesday, June 24, 2015

२५ जून -- लोकतंत्र का काला दिवस

       आज भारतीय लोकतंत्र का काला दिवस है। आज ही के दिन ४० साल पहले हिन्दुस्तान की मक्किका-ए-आज़म, निरंकुश तानाशाह इन्दिरा गांधी ने आपात्काल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा था। भारत की सारी जनता (कांग्रेसियों, कम्युनिस्टों और चाटुकारों को छोड़कर) के मौलिक अधिकार रातोरात छीन लिए गए थे। लाखों नेता, जनता और छात्र जेल में ठूंस दिए गए थे। मैं तब बीएचयू का भुक्तभोगी छात्र था। ऐसी कोई रात नहीं होती थी जब छापा डालकर हास्टल से आर.एस.एस. विद्यार्थी परिषद और सयुस के कार्यकर्त्तओं को पकड़कर डीआईआर या मीसा में गिरफ़्तार करके जेल नहीं भेजा जाता हो। डा. प्रदीप, होमेश्वर वशिष्ठ, विष्णु गुप्ता, इन्द्रजीत सिंह, अरुण सिंह, दुर्ग सिंह चौहान, श्रीहर्ष सिंह, राज कुमार पूर्वे, गोविन्द अग्रवाल ............आदि आदि मेरे अनेक मित्र जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिए गए - बिना किसी अपराध के।किसी का कैरियर तबाह हुआ तो किसी की ज़िन्दगी। कोई नपुंसक बना तो कोई अपाहिज़। बड़ी दुःखद दास्तान है एमरजेन्सी की। उन दिनों को याद करके आज भी मन पीड़ा से भर जाता है। कोई दूसरा देश होता, तो निरंकुश तानाशाह इन्दिरा गांधी के साथ वही सुलुक करता जो इटली ने मुसोलिनी के साथ, जर्मनी ने हिटलर के साथ, मिस्र ने मोर्सी के साथ, चीन ने गैंग आफ़ फ़ोर्स और पाकिस्तान ने भुट्टो के साथ किया। लेकिन हाय रे गुलाम मानसिकता की हिन्दुस्तान की जनता। तानाशाह को फिर से प्रधान मंत्री बना दिया, एक अनाड़ी पायलट को देश की बागडोर दे दी, एक विदेशी को राजमाता बना दिया और एक पप्पू को शहज़ादा बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। फिर भी भारत के लोकतंत्र ने हार नहीं मानी, राष्ट्रवादियों ने घुटने नहीं टेके। देश विश्व-गुरु बनने की राह पर चल चुका है। इसे परम वैभव के शिखर पर पहुंचने से कोई भी वंशवादी, जातिवादी और विघटनकारी ताकत रोक नहीं सकती
                           तेरा वैभव अमर रहे माँ, हम दिन चार रहें न रहें

Tuesday, June 23, 2015

हरिवंश बाबा (एक संस्मरण)


      हरिवंश बाबा मेरे अपने बाबा के परम मित्र थे। मेरे बाबा को मेरे बाबूजी के रूप में एक ही संतान थी; हरिवंश बाबा के कोई संतान नहीं थी। इसलिए वे मेरे बाबूजी को बहुत प्यार करते थे। मेरे बाबूजी जब इंटर में थे, तभी मेरे बाबा का देहान्त हो गया। मैंने अपने बाबा को देखा नहीं। हरिवंश बाबा को ही मैं अपना असली बाबा मानता रहा। उन्होंने भी मुझपर अपना स्नेह-प्यार, लाड़-दुलार लुटाने में कभी कोताही नहीं की। बड़ा होकर जब मैंने बी.एच.यू. के इंजीनियरिंग कालेज में एड्मिशन लिया तो एक दिन हरि बाबा ने मुझसे एक प्रश्न पूछा - बबुआ अब त तू काशी में पढ़ तार। उ भगवान शिव के नगरी ह। उहां बड़-बड़ विद्वान लोग रहेला। तहरा से जरुर भेंट भईल होई। इ बताव, भगवान के भोजन का ह? मैंने अपनी बुद्धि पर बहुत जोर दिया और उत्तर दिया - फल-मूल। उन्होंने कहा - नहीं। मैंने कहा - दूध, दही, मेवा, मलाई, मिठाई। "नहीं, नहीं, नहीं", उन्होंने साफ नकार दिया। मैं चुप हो गया। वे बोले - अगली छुट्टी में अईह तो जवाब बतईह। अपना गुरुजी से एकर उत्तर पूछ लीह। अगली छुट्टी में मैं घर गया। वे मृत्यु-शैया पर थे। मैं उनसे मिलने तुरन्त उनके घर गया। उन्होंने मुझे देखा, मंद-मंद मुस्कुराए और अपना पुराना प्रश्न दुहरा दिया। मेरे पास कोई उत्तर नहीं था। आंखों में आंसू लिए मैं उन्हें देखता जा रहा था। उन्होंने कहा - रोअ मत बेटा! हम मर जाएब, त तहरा हमार सवाल के जवाब ना मिली। एसे हमहीं जवाब देत बानी। ई  जवाब के गांठ बांध लीह। भगवान के भोजन अहंकार ह।

      मैंने उनके चरणों में अपना शीश रख दिया। कुछ ही क्षणों के बाद उनका देहान्त हो गया। मेरे हरिवंश बाबा बहुत कम पढ़े-लिखे थे। जीवन भर वे केवल तुलसी दास के रामचरित मानस का ही पाठ करते रहे। दूसरा कोई ग्रन्थ उन्होंने पढ़ा ही नहीं। कहते थे - दोसर किताब पढ़ेब, त सब गड़बड़ हो जाई। दुनिया में एसे भी बढ़िया कौनो किताब बा का?

Wednesday, June 10, 2015

श्री श्री १०८ अरविन्दो बाबा

       श्री श्री सोमनाथ भारती ‘आप’ की ४९ दिनी सरकार में कानून मंत्री थे। इस समय दिल्ली के मालवीय नगर के विधायक हैं। नाइजीरियाई महिलाओं से कथित बससलूकी के कारण काफी चर्चित रहे हैं। महिला अधिकार पर लंबे-चौड़े भाषण देते हैं; लेकिन स्वयं अपनी पत्नी की पिटाई करते हैं। स्वयं को एक मल्टी नेशनल कंपनी का कथित मालिक बताकर लिपिका से शादी करते हैं। समाज सुधार के नाम पर दहेज भी लेते हैं। घूमने-फिरने के लिए कार भी लेते हैं - अपनी कमाई से नहीं ससुर जी से। पोल खुलने पर पत्नी को पीड़ित करते हैं। श्री श्री सोमनाथ की पत्नी लिपिका ने दिनांक १० जून को दिल्ली पुलिस और महिला आयोग में अपने पति  के खिलाफ़ शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न की लिखित शिकायत दर्ज़ कराई और न्याय की मांग की। प्रख्यात न्यायमूर्ति श्री श्री १०८ अरविन्दो बाबा ने अपनी बतीसी खोल जुबान चलाने की कोई आवश्यकता नहीं समझी। यह जुबान तो सिर्फ नज़ीम जंग और नरेन्द्र मोदी के खिलाफ़ चलती है।
श्री श्री जितेन्द्र सिंह तोमर - जितना बड़ा नाम उतना बड़ा काम - दिल्ली के कानून मंत्री (अब पूर्व मंत्री)। १९८५ से १९८८ तक दिल्ली के राजधानी कालेज के नियमित छात्र रहे। कालेज और दिल्ली विश्वविद्यालय के अभिलेख इसकी पुष्टि करते हैं। अचानक वे रातो-रात फ़ैज़ाबाद पहुंच जाते हैं और राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से बी.एस-सी. की डिग्री हासिल कर लेते हैं। उनकी यात्रा का अगला पड़ाव भागलपुर (बिहार) होता है जहां से वे कानून की डिग्री (एल.एल.बी.) हासिल करके वापस दिल्ली लौट आते हैं और दिल्ली बार कौन्सिल में रजिस्ट्रेशन कराते हैं, फ़र्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर। प्रैक्टिस तो वे क्या खाक करते, श्री श्री १०८  अरविन्दो बाबा के शिष्य अवश्य बन जाते हैं। दिल्ली की ऐतिहासिक भ्रष्टाचार मुक्त सरकार में कानून मंत्री भी बन जाते हैं। अवध विश्वविद्यालय  मंत्री जी के काले कारनामें की पुष्टि कर देती है। बोतल में बंद जिन्न बाहर आ जाता है। फिलहाल वे अंदर हैं। श्री श्री १०८ अरविन्दो बाबा अब मनमोहन बाबा के अनुयायी हो गए हैं - मौन व्रत पर हैं। हां, अपने चेलों को धरना-प्रदर्शन के लिए जरूर भेजा है।
वह दिन दूर नहीं जब सन्त फ़ोर्ड, साध्वी राजमाता और राष्ट्रीय संगठन सी.आई.ए. से प्राप्त धन और सहयोग का भी खुलासा हो जाएगा। तबतक चमत्कार से अपने हाथ से शहद टपकाते रहिए और कुर्सी से चिपके रहिए, अपने नटवर लालों के साथ - श्री श्री १०८ अरविन्दो बाबा।